विलासपुर कोड़ापुरी/तखतपुर,शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ापुरी में शाला प्रवेश उत्सव 2026 का आयोजन शुक्रवार को हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती कविता महेश यादव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि “हर बच्चे की मुस्कान और शिक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होता है और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती कविता टिकेश साहू, उपसरपंच कमल यादव, प्राचार्य सुश्री सरोज पारकर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, पंचगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें पाठ्य सामग्री वितरित कर शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता ने शिक्षा के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी संदेश दिया।