
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सराफा कारोबार केवल आभूषणों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। प्रदेश में करीब 15 हजार पंजीकृत सराफा कारोबारी हैं। प्रत्येक दुकान से छिलाई, पॉलिश, कटिंग और कारीगरी जैसे काम के जरिए औसतन दो परिवार और जुड़े हैं। इस तरह करीब 45 हजार परिवार सीधे दुकानों से जुड़े हैं।
होलसेल, रिटेल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को शामिल करें तो प्रदेश में दो लाख से अधिक परिवारों की रोजी-रोटी सराफा कारोबार पर निर्भर है। यह बात छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर प्रेस क्लब के कार्यक्रम हमर पहुना में कही। राजनीति में आने और चुनाव लडऩे की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति भी सेवा का एक माध्यम है। वे फिलहाल सराफा समाज और व्यापारियों के बीच रहकर सेवा कर रहे हैं। विधानसभा या महापौर का चुनाव लडऩा अलग विषय है। यह भी प्रभु की कृपा से मिलने वाला अवसर है। फिलहाल उनका उद्देश्य मिले हुए दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाना है। सेवा के काम से मन को संतुष्टि मिल रही है और वे इसी का आनंद ले रहे हैं।
बाजार की सुंदरता के लिए व्यापारियों की भी जिम्मेदारी
कमल सोनी ने शहर की स्वच्छता और बाजार व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोग अपने घर और प्रतिष्ठान को सुंदर बनाने पर लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन घर के बाहर फैली गंदगी की ओर ध्यान नहीं देते। जबकि आसपास का क्षेत्र साफ-सुथरा होगा, तभी घर और दुकान की सुंदरता भी निखरेगी। यही बात बाजारों पर भी लागू होती है।
पार्किंग की व्यवस्था अनिवार्य है
सदर बाजार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दुकानदार चाहते हैं कि उनके बाजार में चारपहिया वाहन से ग्राहक आएं, लेकिन कई दुकानदार खुद सडक़ पर अपनी एक्टिवा खड़ी कर देते हैं। इससे कारों का प्रवेश मुश्किल हो जाता है। व्यापारियों को भी नागरिक जिम्मेदारी समझते हुए अपनी गाडिय़ों के लिए वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था करनी चाहिए।
