
बिलासपुर। अचानकमार टाइगर रिजर्व में 1 नवंबर से जंगल सफारी शुरू होने जा रही है। एक नवंबर को टाइगर रिजर्व के नवनिर्मित केंवची प्रवेश द्वार का उद्घाटन किया जाएगा। इसके शुरू होने से पर्यटकों को अब दो अलग-अलग मार्गों से जंगल सफारी के लिए प्रवेश की सुविधा मिलेगी। अमरकंटक की ओर से आने वाले पर्यटक केंवची पहुंचकर जंगल सफारी की बुकिंग कर सकेंगे और वहीं से प्रवेश कर सकेंगे। सफारी पूरी होने के बाद उन्हें केंवची प्रवेश द्वार से ही वापस लौटना होगा। इस पहल से पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
अचानकमार टाइगर रिजर्व लगभग 914.017 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। सफारी के लिए पर्यटकों को जिप्सी के साथ महारानी और योद्धा नामक वाहनों की सुविधा उपलब्ध होगी। पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार अग्रिम बुकिंग कराकर जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं। सफारी बुकिंग और पर्यटन से संबंधित जानकारी के लिए प्रबंधन ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। यहां बाघ, गौर, भारतीय तेंदुआ, भालू, कोटरी, चीतल, जंगली सूअर, सोनकुत्ता और सियार सहित अनेक वन्यजीव पाए जाते हैं। जंगल की जैव विविधता और प्राकृतिक वातावरण इसे वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाते हैं। टाइगर रिजर्व में अब केंवची से भी मिलेगी प्रवेश की सुविधा अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
अब तक सिर्फ शिवतराई गेट से मिलता था प्रवेश
अब तक सैलानियों को अचानकमार टाइगर रिजर्व में प्रवेश के लिए केवल शिवतराई से प्रवेश मिलता था। इससे अमरकंटक की ओर से पड़ती थी। पर्यटकों की सुविधा के लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा सफारी वाहनों, ऑनलाइन अग्रिम बुकिंग और ठहरने की व्यवस्था की गई है। अचानकमार टाइगर रिजर्व के शिवतराई सफारी गेट तक सडक़ मार्ग से पहुंचा जा सकता है।
रेल मार्ग से आने वालों के लिए कोटा स्टेशन नजदीक
रेल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के लिए बिलासपुर और करगीरोड कोटा प्रमुख नजदीकी रेलवे स्टेशन हैं। बिलासपुर से सडक़ मार्ग द्वारा शिवतराई पहुंचने की सुविधा भी उपलब्ध है। पर्यटकों की सुविधा के लिए अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा संपर्क नंबर जारी किए गए हैं।
सफारी बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर जारी
सफारी बुकिंग व पर्यटन संबंधी जानकारी के लिए सम्पर्क नम्बर 8109740012, बुकिंग काउंटर, लोकेशन संबंधी जानकारी के लिए 7067912356 नम्बर पर सम्पर्क किया जा सकता है। पर्यटक जंगल सफारी पर आने से पहले बुकिंग, उपलब्धता और अन्य आवश्यक जानकारियां आधिकारिक वेबसाइट या जारी संपर्क नंबरों से प्राप्त कर सकते हैं।
बैगा रिसार्ट शिवतराई में ठहरने की सुविधा
अचानकमार घूमने आने वाले पर्यटकों के ठहरने के लिए शिवतराई स्थित बैगा रिसर्ट में 14 सामान्य कमरे और 4 प्रीमियम कमरे उपलब्ध हैं। पर्यटक रिसॉर्ट एवं सफारी से संबंधित बुकिंग और अन्य जानकारी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। अग्रिम बुकिंग कराने से पर्यटकों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होगी
