
बिलासपुर। सेजस लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में शुक्रवार को बाल दिवस धूमधाम से मनाया। स्कूल परिसर में आनंद मेला लगाया गया। जहां बच्चों ने पढ़ाई के साथ-साथ अपने हाथ के हुनर और दिमाग की रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही स्कूल परिसर में मेले जैसा माहौल था। छोटे-छोटे बच्चे दुकानदार बने थे और शिक्षक-अभिभावक ग्राहक बनकर उनके स्टॉल पर पहुंच रहे थे।
प्राचार्य बसंत चौकसे ने भी इस दौरान बच्चों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने खुद कूपन खरीदकर बच्चों के स्टॉल से विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया और खेलों का आनंद उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करते हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करते हैं। आनंद मेले में बच्चों ने अलग-अलग तरह के स्टॉल लगाए थे। किसी स्टॉल पर घर के बने स्वादिष्ट व्यंजन थे, तो किसी पर गार्डन गेम्स, तो किसी पर विज्ञान के रोचक प्रयोग। बच्चों ने खुद ही स्टॉल सजाए, सामान तैयार किया और ग्राहकों को समझाकर बेचा भी। कार्यक्रम में बताया गया कि आज देश में मात्र 17 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को ही सरकारी या अन्य क्षेत्र में नौकरी मिल पाती है। ऐसे में यदि बच्चों के पास व्यवसायिक ज्ञान और गणित का नॉलेज होगा, तो वे भविष्य में नौकरी न मिलने पर भी अपना खुद का छोटा व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। यही इस मेले का सबसे बड़ा संदेश था। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जगदीश पांडे, सदस्य दलगीन सिंह, ज्योति, संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता जीपी उपाध्याय सहित समस्त शिक्षक और स्टाफ मौजूद रहे।
