बिलासपुर। लालखदान से दोमुहानी के बीच जर्जर हो चुकी सडक़ की दुर्दशा से परेशान होलीक्रॉस स्कूल और चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचे और सडक़ को जल्द बनाने की मांग की।
विद्यार्थियों का कहना है कि लालखदान से दोमुहानी के बीच स्थित सडक़ की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस मार्ग से रोजाना गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और क्षतिग्रस्त सडक़ के कारण विद्यार्थियों को हर दिन जोखिम उठाकर कॉलेज और स्कूल पहुंचना पड़ता है। सडक़ की बदहाली के चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। इसके बावजूद सडक़ की मरम्मत और नवीनीकरण की दिशा में ठोस पहल नहीं होने से विद्यार्थियों में नाराजगी है। चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के इंजीनियरिंग, फार्मेसी, आयुर्वेद, लॉ, एमबीए, साइंस एवं कॉमर्स के विद्यार्थियों ने इस समस्या को जनहित और विद्यार्थी सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
परीक्षा के दिनों में भी सडक़ बन रही परेशानी
चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेज के विद्यार्थियों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। सडक़ की खराब स्थिति के कारण आने-जाने में अत्यधिक समय लगता है। कई बार विद्यार्थियों को कॉलेज पहुंचने में देरी होती है। सबसे ज्यादा परेशानी परीक्षाओं के दौरान होती है, जब सडक़ की बदहाली के कारण समय पर परीक्षा केंद्र या कॉलेज पहुंचने को लेकर मानसिक दबाव झेलना पड़ता है।
किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा प्रशासन?
विद्यार्थियों ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सडक़ की मौजूदा स्थिति भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए अब समस्या की अनदेखी नहीं की जा सकती। उनका कहना है कि सडक़ की मरम्मत केवल आवागमन की सुविधा का मामला नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की जिंदगी और सुरक्षा से जुड़ा सवाल है।

