Headlines

गंभीर मरीजों की जान बचाने डॉक्टरों को दिया तीन दिवसीय प्रशिक्षण

बिलासपुर। अस्पताल में किसी मरीज की सांसें थमने लगें, दिल की धडक़न अचानक रुक जाए या सडक़ दुर्घटना के बाद मरीज की हालत गंभीर हो जाए, तो ऐसे समय में डॉक्टरों का त्वरित निर्णय और जीवनरक्षक तकनीकों का सही इस्तेमाल जिंदगी और मौत के बीच का अंतर साबित हो सकता है। चिकित्सा क्षेत्र में इसी चुनौती से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान सिम्स बिलासपुर में डॉक्टरों को आधुनिक जीवनरक्षक तकनीकों में दक्ष बनाने की पहल की गई है।

संस्थान में बेसिक लाइफ सपोर्ट और एडवांस कार्डियक लाइफ सपोर्ट की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पोस्टग्रेजुएट मेडिकल विद्यार्थियों और युवा चिकित्सकों को कार्डियक इमरजेंसी के दौरान तत्काल उपचार, सीपीआर, कृत्रिम श्वसन, डिफिब्रिलेशन, एयरवे मैनेजमेंट और टीम आधारित आपातकालीन चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एनेस्थीसिया विभाग की ओर से मेडिकल एजुकेशन यूनिट के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक प्रशिक्षण दे रहे हैं। कार्यशाला का उद्देश्य केवल मेडिकल विद्यार्थियों को सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसी व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना है, जिससे अस्पताल में किसी भी गंभीर आपात स्थिति के दौरान वे बिना समय गंवाए सही निर्णय लेकर मरीज को जीवनरक्षक उपचार दे सकें।

प्रशिक्षण आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था की रीढ़ है

डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में इस तरह के प्रशिक्षण की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। केवल चिकित्सा की डिग्री और किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल निर्णय लेने और जीवनरक्षक प्रक्रियाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने की क्षमता भी जरूरी है। उन्होंने कहा ऐसे प्रशिक्षण आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रशिक्षित डॉक्टरों की उपस्थिति समाज के लिए सुरक्षा कवच जैसी होती है। हम सिम्स को देश का एक अग्रणी प्रशिक्षण संस्थान बनाना चाहते हैं, जहां शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक दक्षता भी विकसित हो।

मरीजों को जीवन रक्षक उपचार देने में सक्षम

सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह ने इस प्रशिक्षण को अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित चिकित्सक सडक़ दुर्घटनाओं, कार्डियक अरेस्ट, हार्ट अटैक और अन्य गंभीर चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार देने में अधिक सक्षम होंगे। इस तरह के प्रशिक्षण से चिकित्सकों की आपातकालीन चिकित्सा संबंधी दक्षता बढ़ेगी और अस्पताल में गंभीर मरीजों के उपचार के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *