Headlines

सड़क या तालाब बिल्हा में जर्जर सड़क के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में ‘मछली पकड़’ कर जताया विरोध

 बिलासपुर।
बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगपुरा, धमनी, सेंवार, कड़ार होते हुए झाल तक जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पहली ही मानसूनी बारिश में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से पूरा मार्ग तालाब जैसा नजर आने लगा। सड़क की जर्जर स्थिति और जनप्रतिनिधियों की कथित अनदेखी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर भरे पानी में जाल डालकर प्रतीकात्मक रूप से ‘मछली पकड़ने’ का प्रदर्शन किया।

यह अनूठा प्रदर्शन राहगीरों और स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मछली पकड़ने के जाल और बाल्टियां लेकर सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाए। इस दौरान “सड़क है या तालाब, विधायक जी दो जवाब”, “कौशिक जी की कैसी माया, सड़क को ही तालाब बनाया” जैसे नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया गया।

सड़क पर चलना हुआ जोखिम भरा, आए दिन हो रहे हादसे — सुनील साहू

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि नगपुरा से झाल तक जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है। प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और वाहन चालक इसी सड़क से आवागमन करते हैं। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण पहली ही बारिश में इसमें कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। पानी भर जाने से गड्ढों का अनुमान नहीं लग पाता, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जनता की समस्याओं से बेखबर हैं विधायक — लक्ष्मीनाथ साहू

तिफरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद स्थानीय भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली से क्षेत्र की जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है। यदि नगपुरा–झाल मुख्य मार्ग का शीघ्र निर्माण एवं सुधार कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में इससे भी व्यापक और चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष सुनील साहू, तिफरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, बिल्हा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक, जिला महामंत्री मिश्रा गांधी बंजारे, शिव यादव, महेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष हजारी भारद्वाज, ब्रजेश दुबे, डेरिहा कांत, राहुल राजपूत, वासु निर्मलकर, अनिल चेलकर, कुणाल मरकाम, राहुल भारद्वाज, कुंदन साहू, पिंटू रजक, सीकेश मरकाम, साहिल टंडन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *