Headlines

युवा कांग्रेस चुनाव में 15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य, सदस्यता शुल्क से जुटेंगे 11 करोड़ से अधिक

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बार युवा कांग्रेस ने प्रदेश में 15 लाख सदस्य बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। सदस्यता शुल्क 50 रुपये से बढ़ाकर 75 रुपये कर दिया गया है। ऐसे में लक्ष्य पूरा होने पर केवल सदस्यता शुल्क से ही संगठन के खाते में 11 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा होगी।

दिल्ली में इंटरव्यू, अध्यक्ष पद की दौड़ हुई तेज

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदारों का दिल्ली में इंटरव्यू पूरा हो चुका है। 35 से अधिक युवा नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। अब अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी होने का इंतजार है।

चुनाव कार्यक्रम स्थगित, नई तारीखों की होगी घोषणा

ब्लॉक और जिला इकाइयों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई से 13 जून तक प्रस्तावित थी, लेकिन संगठनात्मक पुनर्गठन के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। अब 15 जून के बाद नई चुनावी तारीखों की घोषणा की जाएगी।

आम कार्यकर्ता के लिए चुनौतीपूर्ण चुनाव

युवा कांग्रेस के भीतर चर्चा है कि चुनाव में समर्थन जुटाना काफी खर्चीला हो सकता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि और बड़े नेताओं के समर्थन वाले उम्मीदवारों को बढ़त मिल सकती है।

सदस्यता के लिए ये दस्तावेज जरूरी

  • आयु 18 से 35 वर्ष के बीच
  • लाइव फोटो अपलोड
  • वोटर आईडी कार्ड
  • आयु प्रमाण पत्र
  • 8 सेकेंड का सत्यापन वीडियो

पूरी तरह ऑनलाइन होगी प्रक्रिया

सदस्यता अभियान और मतदान पूरी तरह ऑनलाइन होंगे। चुनाव संचालन के लिए प्रदेश को 5 जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन में अलग चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जोनवार आरक्षण घोषित

  • बस्तर जोन – कांकेर (एसटी)
  • सरगुजा जोन – सरगुजा (एससी)
  • बिलासपुर जोन – कोरबा सिटी (एसटी)
  • रायपुर जोन – बलौदाबाजार (एससी)
  • दुर्ग जोन – बेमेतरा (एसटी)

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *