बिलासपुर तखतपुर
मेढ़पार बाजार स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में गुरुवार को शाला प्रवेश उत्सव 2026 उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव रहीं। उन्होंने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर संकुल समन्वयक एवं प्रधान पाठक श्री बिमल कुमार सिवने, शासकीय प्राथमिक शाला की प्रधान पाठिका श्रीमती रश्मि सिंह पवार, पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, पालकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बालवाड़ी, कक्षा पहली एवं कक्षा छठवीं में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का फूलमाला पहनाकर, मिठाई और चॉकलेट खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही शासन द्वारा प्रदत्त निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक श्री ए.पी.एस. पवार की पहल। उन्होंने कक्षा 6 से 8 तक के सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप लाल रंग के मोज़े वितरित किए, जिसकी सभी ने सराहना की।
मुख्य अतिथि श्रीमती कविता महेश यादव ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।
विद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
