पथरिया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम जरेली (पेंड्री) के दो होनहार तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जरेली के विद्यार्थी समीर और आदित्य राज का चयन डी.ए.वी. नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अंडर-19 और अंडर-17 वर्ग में मिली सफलता
विद्यालय में कक्षा 11वीं के विद्यार्थी समीर का चयन अंडर-19 वर्ग में, जबकि कक्षा 10वीं के विद्यार्थी आदित्य राज का चयन अंडर-17 वर्ग में हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऐसे में दोनों विद्यार्थियों के लिए यह उपलब्धि अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
छोटे गांव से राष्ट्रीय मंच तक का सफर
दोनों विद्यार्थियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य गौरव सिंह राजपूत ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्राम जरेली जैसे छोटे से गांव के विद्यार्थियों का तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
खेल शिक्षक के मार्गदर्शन को सराहा
प्राचार्य ने विद्यार्थियों की सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षक राजेश कुमार के योगदान की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन खिलाड़ियों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गुरु द्रोणाचार्य और अर्जुन के उदाहरण के माध्यम से गुरु के मार्गदर्शन और शिष्य की मेहनत के महत्व को भी रेखांकित किया।