Headlines

जेसीबी टायर ब्लास्ट में हेल्पर की मौत, 3 घायल; CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

बिलासपुर, 19 जून। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जेसीबी के टायर में हवा भरने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में एक हेल्पर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट की निर्माणाधीन कॉलोनी में हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें धमाके की भयावहता साफ नजर आ रही है।

जानकारी के अनुसार, पंचर हो चुके जेसीबी के टायर की मरम्मत के बाद उसमें हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान टायर पर चार लोग बैठे हुए थे और अन्य लोग पास में मौजूद थे। अचानक टायर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि टायर पर बैठे लोग करीब 10 से 15 फीट तक हवा में उछल गए। हादसे में हेल्पर उमाकांत कौशिक (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके जबड़े पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इस दुर्घटना में जेसीबी चालक भूपेंद्र राव, पंचर मैकेनिक ओसामा तथा अमृत यादव घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि टायर का लोहे का डिस्क करीब 30 से 40 फीट दूर जा गिरा। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम बंद कर दिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि टायर में हवा भरते समय आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन किया गया था या नहीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *