भिलाई, 24 जून 2026। छत्तीसगढ़ के भिलाई में अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और निवेश के नाम पर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने घरेलू समस्याओं का समाधान, प्रेत बाधा से मुक्ति और पूजा-पाठ के जरिए सुख-समृद्धि दिलाने का झांसा देकर महिला को वर्षों तक अपने जाल में फंसाए रखा।
मिली जानकारी के अनुसार भिलाई निवासी संगीता कश्यप ने कोतवाली थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि जबलपुर निवासी पवन बधौलिया ने खुद को तंत्र-मंत्र और विशेष अनुष्ठानों का जानकार बताकर उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने कभी जिन्न और प्रेत बाधा का भय दिखाया तो कभी निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर विश्वास हासिल किया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने गुप्त पूजा-पाठ, अनुष्ठान और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर लगातार बड़ी रकम वसूली। इतना ही नहीं, उसने महिला को उनके पति के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका बताकर मानसिक रूप से भयभीत भी किया। कुछ समय बाद महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जिससे वह और अधिक तनाव और मानसिक दबाव में आ गईं।
जब महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तब आरोपी ने नया षड्यंत्र रचा। उसने अपने हाथ की नस काटने की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजकर भावनात्मक दबाव बनाने की कोशिश की। इसके बाद खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार बताया और कानूनी सहायता व अन्य खर्चों के नाम पर भी लाखों रुपये ऐंठ लिए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार, अंधविश्वास और असामान्य मुनाफे का लालच देने वाले लोगों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
