बिलासपुर, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष योग वेलनेस सेंटर, शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय, बिलासपुर द्वारा शुद्धि नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, लोखंडी रोड, मंगला में आयोजित 5 दिवसीय योग शिविर का उत्साहपूर्वक समापन हुआ। शिविर के दौरान योग चिकित्सक डॉ. श्वेता मार्को ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का नियमित अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. श्वेता मार्को ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के संदर्भ में कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवन की आधारशिला है। नियमित योगाभ्यास से शरीर की कार्यक्षमता बनी रहती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति दीर्घकाल तक निरोग एवं ऊर्जावान जीवन जी सकता है। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मन को शांत, सकारात्मक एवं अनुशासित भी बनाता है।
उन्होंने नशामुक्ति के क्षेत्र में योग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग आत्मसंयम, मानसिक स्थिरता और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे व्यक्ति नशे की प्रवृत्तियों से दूर रहकर सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हो सकता है।
शिविर में शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, बिलासपुर के द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए योगाभ्यास एवं जनजागरूकता गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिविर के अंतिम दिवस डॉ. सपना ताम्रकार ने आहार एवं दिनचर्या, मद्य एवं नशीले पदार्थों के शरीर एवं मस्तिष्क पर दुष्प्रभाव, ब्रह्ममुहूर्त, अभ्यंग, प्रतिमर्श नस्य, सकारात्मक सोच, सत्त्वावजय चिकित्सा एवं पुनर्वास विषयों पर व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को हर्बल काढ़ा एवं अंकुरित आहार वितरित किया गया तथा योग संबंधी पम्पलेट प्रदान किए गए। शिविर के सफल आयोजन में गौरव जायसवाल, सुरभि पटेल, ख्याति देवदास, खिलावन ध्रुव, रोहित मांझी एवं शुद्धि नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के समस्त सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
