अंबिकापुर, 16 जून 2026। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में झाड़फूंक और तंत्र-मंत्र के जरिए लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करने वाले एक कथित बाबा की शर्मनाक करतूत सामने आई है। नौकरी और अच्छे वैवाहिक रिश्ते का झांसा देकर 24 वर्षीय युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गांधीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि 14 जून की सुबह अमित गोस्वामी नामक व्यक्ति उनकी कॉलोनी में पहुंचा। खुद को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का निवासी बताने वाले आरोपी ने लोगों की परेशानियां दूर करने, झाड़फूंक करने और भविष्य सुधारने का दावा किया।
आरोप है कि अमित गोस्वामी ने युवती को भरोसे में लेते हुए कहा कि वह उसकी जीवन की समस्याएं दूर कर सकता है और जल्द ही अच्छी नौकरी व विवाह के योग बना सकता है। इसी बहाने उसने युवती को अपने जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह तंत्र-मंत्र और झाड़फूंक के नाम पर अन्य लोगों को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया है।
