Headlines

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम अगले 3 दिन भारी से बहुत भारी बारिश के आसार, बिलासपुर में 33°C पहुंचा तापमान

बिलासपुर। लगातार बारिश के बाद बुधवार को न्यायधानी बिलासपुर समेत आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। कई दिनों बाद आसमान साफ हुआ और सुबह से निकली तेज धूप ने लोगों को गर्मी के साथ उमस से बेहाल कर दिया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रायपुर में रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि, मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को जल्द राहत मिलने के संकेत दिए हैं। अगले 48 घंटों में छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रह सकता है। इस दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा मजबूत सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बंगाल की खाड़ी, तटीय पश्चिम बंगाल और तटीय बांग्लादेश के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

यह सिस्टम अगले 12 घंटों में और मजबूत हो सकता है। इसके बाद इसके अवदाब में परिवर्तित होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

अगले तीन दिन बारिश का जोर

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

बीते 24 घंटों में भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। फिलहाल प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम है।

लोगों को उमस से मिलेगी राहत

बुधवार को धूप निकलने से तापमान बढ़ने के साथ उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश होने से तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान स्थानीय स्तर पर सतर्क रहने की सलाह दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *