बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के युवा योगेश साहू ने लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में अपनी प्रतिभा और सूझबूझ का शानदार परिचय देते हुए 50 लाख रुपये की रकम जीत ली। 23 वर्षीय योगेश के सामने एक करोड़ रुपये का सवाल भी आया, लेकिन उन्होंने जोखिम लेने के बजाय खेल से बाहर होने का फैसला किया।
ग्राम टेहका निवासी योगेश की सफलता के पीछे कड़ी मेहनत और पढ़ाई के प्रति समर्पण की लंबी कहानी है। उन्होंने शुरुआती शिक्षा बलौदाबाजार के जेसीज कॉन्वेंट और मयूर शिशु मंदिर से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए वे बिलासपुर पहुंचे, जहां कोचिंग सेंटर संचालक रोहन चावला ने उन्हें 11वीं और 12वीं की पढ़ाई नि:शुल्क कराई। उनकी शिक्षा में तत्कालीन कलेक्टर कार्तिकेय गोयल का भी सहयोग मिला।
योगेश ने आगे IIT बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और संस्थान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कैंपस प्लेसमेंट में उन्हें करीब 1.5 लाख रुपये प्रतिमाह का पैकेज मिला, लेकिन उनका लक्ष्य नौकरी से कहीं बड़ा था। IAS बनने के सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी शुरू कर दी।
KBC में 50 लाख तक पहुंचा सफर
KBC के मंच पर योगेश ने एक के बाद एक सवालों का जवाब देते हुए 50 लाख रुपये के पड़ाव तक अपनी जगह बनाई। इसके बाद उनके सामने एक करोड़ रुपये का सवाल आया। अंतिम सवाल पर उन्होंने लाइफलाइन का सहारा लिया और मिले संकेत के आधार पर तिरुचिरापल्ली को उत्तर चुना। 50 लाख रुपये सुरक्षित करने के बाद उन्होंने आगे जोखिम न लेने का निर्णय लिया और गेम क्विट कर दिया।
अब लक्ष्य IAS बनना
योगेश फिलहाल UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उनके परिवार के अनुसार उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा अपने पहले प्रयास में ही पास कर ली है और अब मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। पढ़ाई के दौरान वे मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित इस्तेमाल करते हैं, ताकि पूरा ध्यान अपने लक्ष्य पर केंद्रित रख सकें।
योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर हैं। योगेश का कहना है कि उनके पिता ने हमेशा मेहनत और सम्मान के साथ जीवन जिया है। अब उनका सपना है कि वे अपनी सफलता के जरिए पिता को वह सम्मान दिलाएं, जिसके वे हकदार हैं।
