Headlines

रायपुर में 2 करोड़ की बड़ी ठगी! दोना-पत्तल मशीन के नाम पर बेरोजगारों से लाखों ऐंठे, संचालक हिरासत में

रायपुर, 30 जून। राजधानी रायपुर के सरोना क्षेत्र में संचालित उड़ान मशीनरी के संचालक पर दोना-पत्तल निर्माण मशीन के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने चारामा (कांकेर) के ग्राम तेलगरा निवासी शैलेंद्र कुमार रजक (50) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अब तक 20 से 25 पीड़ित सामने आ चुके हैं, जबकि ठगी के शिकार लोगों की संख्या 50 से 60 बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन जारी कर बेरोजगार युवाओं को दोना-पत्तल निर्माण का व्यवसाय शुरू कराने का लालच दिया। उसने मशीन उपलब्ध कराने, बैंक से लोन दिलाने, कच्चा माल देने, एक साल तक नि:शुल्क सर्विस और तैयार माल खुद खरीदने का भरोसा देकर लोगों से मशीन व अन्य मदों के नाम पर लाखों रुपये जमा करा लिए।

मामले का खुलासा तब हुआ जब बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्रा (पलारी) निवासी चंद्रहास वर्मा ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जैसे ही आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी फैली, बड़ी संख्या में अन्य पीड़ित भी पुलिस के पास पहुंचने लगे। लगातार बढ़ती शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

डीसीपी वेस्ट संदीप कुमार पटेल ने बताया कि अब तक 20-25 शिकायतकर्ता सामने आ चुके हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ठगी से हासिल की गई रकम का आरोपी ने कहां और किस तरह निवेश किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *