बिलासपुर। मानसून के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के बिलासपुर क्षेत्र ने आम नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से बारिश के समय विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी विद्युत संबंधी खतरे की तत्काल सूचना देने की अपील की है।
बिजली कंपनी के अनुसार, बारिश के दौरान टूटे हुए बिजली के तार, झुके हुए खंभे, ट्रांसफार्मर और अन्य क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरण गंभीर हादसों का कारण बन सकते हैं। ऐसे स्थानों पर जलभराव होने पर करंट फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए किसी भी संदिग्ध स्थान के पास जाने से बचना चाहिए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खेतों की बाड़ या कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित करना गैरकानूनी होने के साथ-साथ जानलेवा भी है। इसके अलावा बिजली लाइनों के नीचे निर्माण कार्य, अवैध हुकिंग, क्षतिग्रस्त तारों का उपयोग तथा विद्युत उपकरणों से छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी गई है। अभिभावकों से बच्चों को बिजली उपकरणों और ट्रांसफार्मरों के आसपास खेलने से रोकने तथा घरों में केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत सामग्री का उपयोग करने की अपील की गई है।
कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने कहा कि आंधी और बारिश के दौरान विद्युत आपूर्ति बहाल करना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे समय में उपभोक्ता धैर्य बनाए रखें और मरम्मत कार्य में जुटे लाइन कर्मचारियों का सहयोग करें।
यदि कहीं बिजली से संबंधित कोई खराबी, टूटा तार या अन्य खतरा दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत टोल-फ्री नंबर 1912, ‘मोर बिजली’ ऐप या नजदीकी बिजली वितरण केंद्र को दें।