Headlines

प्रदेश में चार दिन हल्की बारिश, फिर जोरदार वापसी करेगा मानसून

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हुई तेज बारिश के बाद फिलहाल मानसून की गति कुछ धीमी पड़ गई है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने के बावजूद केवल हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद मानसूनी गतिविधियों में फिर तेजी आने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि इस समय प्रदेश में बारिश की तीव्रता पहले की तुलना में कम है, लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति अस्थायी है और जल्द ही मानसून दोबारा सक्रिय होगा।

पिछले सप्ताह हुई झमाझम बारिश से प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई थी। कई नदियां और नाले उफान पर आ गए थे, जबकि कुछ क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियां भी बनी थीं। अब बारिश की रफ्तार कम होने से हालात सामान्य होने लगे हैं। बिलासपुर की अरपा नदी में अभी भी पानी का अच्छा बहाव बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में सक्रिय मौसमी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। इसके बाद अनुकूल परिस्थितियां बनने पर मानसून फिर जोर पकड़ सकता है, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *