तखतपुर। ग्राम पंचायत केकड़ार अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ठाकुरकापा में 10 लाख की स्वीकृत लागत से बनने वाली बाउंड्री वॉल का भूमि पूजन जनपद सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
इस अवसर पर श्रीमती कविता महेश यादव ने कहा कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विकास और विद्यार्थियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बाउंड्री वॉल बनने से स्कूल परिसर अधिक सुरक्षित होगा और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्य को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरा कराने की बात भी कही।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सरपंच मांगे लाल नागेश, उपसरपंच, पंचगण, विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण को क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए जनपद सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव एवं क्षेत्रीय विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना है कि बाउंड्री वॉल बनने से विद्यालय परिसर सुरक्षित होगा, बाहरी हस्तक्षेप पर रोक लगेगी और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।
