पथरिया – जनपद पंचायत पथरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत जरेली में पंचायत निधि के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव पर एक ही मरम्मत कार्य के लिए दो अलग-अलग मदों से राशि आहरित करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर मुंगेली के जनदर्शन कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत में राशन दुकान मरम्मत कार्य के लिए पहले ही शासकीय राशि का भुगतान किया जा चुका था। इसके बाद उसी कार्य को गोदाम मरम्मत के नाम से दर्शाकर पुनः राशि आहरित किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो वित्तीय अनियमितता का पूरा मामला उजागर हो सकता है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत जरेली में इससे पूर्व भी डी.ए.वी. स्कूल जरेली-पेंड्री के जीर्णोद्धार कार्य में कथित अनियमितता, मनरेगा में फर्जी हाजिरी तथा अन्य वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। आरोप है कि अब तक किसी भी मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी पाए जाने पर संबंधित सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने तथा शासकीय राशि की वसूली सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही जांच प्रतिवेदन एवं की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।
