Headlines

विधानसभा में बिलासपुर की आवाज क्यों खामोश पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने अमर अग्रवाल पर साधा निशाना

बिलासपुर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल पर विधानसभा में शहर के जनहित के मुद्दे नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा के वर्तमान कार्यकाल के आठ सत्र पूरे हो चुके हैं, लेकिन अमर अग्रवाल ने बिलासपुर की समस्याओं और जनता की मांगों को लेकर सरकार से एक भी सवाल नहीं पूछा।

शैलेश पांडेय ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के अधिकांश विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विधानसभा में प्रमुखता से उठा रहे हैं, जबकि बिलासपुर की आवाज सदन में सुनाई नहीं दे रही। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि विधायक अमर अग्रवाल सरकार से प्रश्न पूछने से बच रहे हैं।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि मंत्री बनने की राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण शहर के जनहित के मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि सरकार के समक्ष बिलासपुर की समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखने से परहेज किया जा रहा है।

शहर की प्रमुख समस्याएं गिनाईं

प्रेसवार्ता में शैलेश पांडेय ने कहा कि बिलासपुर आज जलभराव, बढ़ते अपराध, ट्रैफिक अव्यवस्था, जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, युवाओं के रोजगार का संकट, पेयजल आपूर्ति, स्वामी आत्मानंद स्कूलों से जुड़े मुद्दे, कोनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की व्यवस्थाएं तथा हवाई सेवाओं के विस्तार जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इसके बावजूद इन मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से नहीं उठाया गया।

अपने कार्यकाल का दिया उदाहरण

शैलेश पांडेय ने कहा कि जब वे बिलासपुर से विधायक थे, तब कांग्रेस सरकार होने के बावजूद उन्होंने जनता के हितों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि अपने कार्यकाल में उन्होंने विधानसभा में बिलासपुर से जुड़े 392 प्रश्न पूछे और लगातार शहर के मुद्दों को सदन में उठाया।

जनता जवाब चाहती है : शैलेश

पूर्व विधायक ने कहा कि बिलासपुर किसी की राजनीतिक महत्वाकांक्षा की कीमत नहीं चुकाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की जनता यह जानना चाहती है कि विधानसभा में बिलासपुर की आवाज आखिर क्यों नहीं उठ रही। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी आगे भी सड़क से लेकर सदन तक जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *