Headlines

रायपुर में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान बवाल: 12 नेताओं-कार्यकर्ताओं पर FIR, पथराव में 16 पुलिसकर्मी घायल

खम्हारडीह थाने में दर्ज हुआ मामला, वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस देर रात अस्पताल पहुंचे पुलिस कमिश्नर

राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब प्रदर्शन के दौरान हिंसा और पथराव की घटना सामने आई। पुलिस ने आरोप लगाया है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, कांच की बोतलें, लकड़ियां और जूते फेंके, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने थाना प्रभारी की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, इस हिंसक घटनाक्रम में 16 पुलिस अधिकारी और जवान घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के साथ अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *