Headlines

मेडपार में ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत; कई घायल, सुरक्षा पर उठे सवाल

बिलासपुर. तखतपुर विकासखंड के मेडपार गांव में मंगलवार सुबह धान रोपाई के लिए जा रही महिला मजदूरों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, मेडपार और आसपास के गांवों की महिला मजदूर सकरा स्थित एक खेत में धान रोपाई के लिए जा रही थीं। रास्ते में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में कई मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतिहर मजदूरों के परिवहन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खेती के मौसम में मजदूरों को क्षमता से अधिक संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में बैठाकर ले जाया जाता है, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई और मजदूरों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *