तखतपुर। रायपुर के बारौदा में आयोजित छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज की प्रदेश स्तरीय आमसभा एवं यादव महासम्मेलन के दौरान जनपद पंचायत तखतपुर क्षेत्र क्रमांक-13 की जनपद सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से ग्राम पंचायत कोडऻपुरी में मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग की।
यह मांग समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव एवं प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांग-पत्र के माध्यम से रखी गई। मुख्यमंत्री ने मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेश यादव ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाई गई उनकी आकर्षक फोटो पेंटिंग स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की, जिसकी सभी ने सराहना की।
श्रीमती कविता महेश यादव ने कहा कि कोडऻपुरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का अभाव है। मिनी स्टेडियम बनने से युवाओं और खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा, साथ ही ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद क्षेत्र के खिलाड़ियों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। समाज के पदाधिकारियों ने भी इस मांग पर सकारात्मक पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
