बिलासपुर। स्वजातीय स्वर्णकार समाज विकास समिति, छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश के युवा प्रांतीय मंडल ने प्रदेश युवा अध्यक्ष राहुल सराफ के नेतृत्व में नगर निगम बिलासपुर के सभापति विनोद सोनी को ज्ञापन सौंपकर महाराजा श्री अजमीढ़ देव जी महाराज के नाम पर एक भव्य चौक के निर्माण एवं इसके लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने कहा कि महाराजा श्री अजमीढ़ देव जी महाराज स्वर्णकार समाज के आराध्य देव हैं। उनके नाम पर नगर में चौक का निर्माण समाज की वर्षों पुरानी मांग है। इससे समाज की आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक पहचान को सम्मान मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा प्राप्त होगी।
प्रदेश युवा अध्यक्ष राहुल सराफ ने कहा कि समाज लंबे समय से इस मांग को उठा रहा है और उम्मीद है कि नगर निगम शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेकर चौक निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।
नगर निगम सभापति विनोद सोनी ने प्रतिनिधिमंडल की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान स्वजातीय स्वर्णकार समाज विकास समिति के प्रदेश एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राहुल सराफ, विभव सराफ, आशीष सोनी, सतीश दुर्गा सोनी, पवन सोनी, रवि सोनी, धीरज सोनी, सिप्पू सोनी, अमन सोनी एवं संस्कार सोनी उपस्थित थे।