कोड़ापुरी। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेश यादव ने शुक्रवार को हाई स्कूल कोड़ापुरी के लगभग 25–30 वर्ष पुराने जर्जर विद्यालय भवन का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ लोक निर्माण विभाग (PWD) के उपयंत्री गजानंद पात्रे भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की दीवारों, छत, कमरों तथा अन्य संरचनात्मक हिस्सों का बारीकी से परीक्षण किया गया। तकनीकी जांच में पाया गया कि भवन का निर्माण वर्षों पहले बिना आरसीसी कॉलम और बीम संरचना के किया गया था। समय के साथ भवन कई स्थानों पर कमजोर और जर्जर हो चुका है, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
महेश यादव ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से बढ़कर कोई प्राथमिकता नहीं हो सकती। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से विद्यालय भवन की विस्तृत तकनीकी जांच कर तत्काल मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने तथा आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित भवन ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत आधारशिला है।
PWD के उपयंत्री गजानंद पात्रे ने भवन का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक प्रतिवेदन तैयार करने और नियमानुसार विभागीय कार्रवाई हेतु भेजने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन से विद्यालय भवन की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते आवश्यक कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया कि विद्यार्थियों के हित और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय भवन की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य अविलंब प्रारंभ कराया जाए, ताकि बच्चे भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण में अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।