रायपुर, 22 जून 2026। राजधानी रायपुर में नारकोटिक्स कंट्रोल अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में 21.173 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले के मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी पिछले डेढ़ महीने से फरार चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम सोनी (निवासी कौशांबी) और काजल साहू (निवासी रायपुर) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
12.79 लाख रुपये का मशरूका पहले ही हो चुका था जब्त
जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भागांगांव-खुड़मुड़ा मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया।
हालांकि पुलिस को देखकर वाहन चालक अपने साथी के साथ कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया था।
कार से मिला था 21.173 किलो गांजा
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखी दो बोरियों से 21.173 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज और पांच लीटर डीजल भी जब्त किया गया था। इस कार्रवाई में कार समेत कुल 12.79 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया था।
तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना से मिली सफलता
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आखिरकार दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्त नजर
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
