Headlines

इश्क, इंतकाम और इंस्टाग्राम का झूठा जाल: एक्स-बॉयफ्रेंड को फंसाने रची साजिश, युवती गिरफ्तार

बिलासपुर। प्रेम संबंध टूटने के बाद बदले की आग में एक युवती ने ऐसी साजिश रची, जिसने पुलिस और साइबर विशेषज्ञों को भी चौंका दिया। तोरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने अपने पूर्व प्रेमी को बदनाम करने और उसे कानूनी झंझट में फंसाने के लिए उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना डाली।

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने फर्जी अकाउंट से खुद के सोशल मीडिया अकाउंट पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर पूर्व प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और उसे आरोपी बताने का प्रयास किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू की। जांच में इंस्टाग्राम अकाउंट की गतिविधियां, आईपी एड्रेस और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिस फर्जी आईडी के जरिए संदेश भेजे गए थे, उसका संचालन स्वयं शिकायतकर्ता युवती ही कर रही थी।

सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर किसी को झूठे मामले में फंसाने की कोशिश करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें तथा किसी भी शिकायत की सत्यता जांचे बिना निष्कर्ष पर न पहुंचें। साइबर जांच के बढ़ते दायरे में अब ऐसे मामलों का पर्दाफाश करना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *