Headlines

समुद्र के रास्ते ड्रग्स तस्करी की कोशिश नाकाम, मुंद्रा तट पर ₹1150 करोड़ की 115 किलो कोकीन जब्त

गुजरात के मुंद्रा तट के पास भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक बड़े संयुक्त ऑपरेशन में करीब 1,150 करोड़ रुपये मूल्य की 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई समुद्री रास्ते से हो रही ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

कब चलाया गया ऑपरेशन?
अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन 25 और 26 मई की दरम्यानी रात को चलाया गया। गुजरात ATS को समुद्री मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी की विशेष खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर भारतीय तटरक्षक बल के साथ मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई गई।

जानकारी के मुताबिक, एटीएस कर्मियों को लेकर भारतीय तटरक्षक बल की इंटरसेप्टर नौकाओं ने मुंद्रा एंकरिज क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान मुंद्रा तट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर खड़े एक कंटेनर जहाज एमवी यूरोप पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं।

कैसे की गई कार्रवाई?
अंधेरे के दौरान संयुक्त टीम ने देखा कि जहाज से कुछ बैग समुद्र में फेंके जा रहे हैं। इसके तुरंत बाद आईसीजी और एटीएस की टीम मौके पर पहुंची और कम दृश्यता के बावजूद समुद्र से पांच बैग बरामद कर लिए। जब इन बैगों की जांच की गई तो उनमें सफेद रंग का पाउडर मिला। अधिकारियों के मुताबिक, कुल 115 पैकेट बरामद हुए, जिनका वजन लगभग एक-एक किलोग्राम था। शुरुआती जांच में इस पदार्थ की पहचान कोकीन के रूप में हुई। बरामद की गई कुल कोकीन का वजन करीब 115 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1,150 करोड़ रुपये आंकी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध कंटेनर जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह पर लाया गया है। फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल, गुजरात एटीएस और अन्य एजेंसियां मिलकर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया यह 15वां सफल एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन है।

गृह राज्य मंत्री ने भी दी जानकारी
गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य को ड्रग्स तस्करी का रास्ता नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने लिखा गुजरात एटीएस, इंडियन कोस्ट गार्ड और कच्छ SOG ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। गुजरात ड्रग्स का गेटवे नहीं बनेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *