
बिलासपुर। दीपावली पर्व के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था की गई थी। अस्पताल प्रबंधन ने सभी विभागों को अलर्ट रखते हुए चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की थी, ताकि दुर्घटना या अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
7 से 9 नवंबर तक तीन दिनों में सिम्स अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इस दौरान सडक़ दुर्घटना, मारपीट, पटाखों से झुलसने और सांस संबंधी परेशानियों के मामले प्रमुख रूप से सामने आए। आंकड़ों के अनुसार सडक़ दुर्घटना (आरटीए) के 25 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि 896 मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया। मारपीट के 10 मरीज भर्ती हुए और 150 मरीज ओपीडी में पहुंचे। पटाखों से झुलसने के 14 मरीजों को भर्ती किया गया तथा 35 मरीजों ने ओपीडी में उपचार लिया। आंखों में संक्रमण एवं चोट के 6 मरीज ओपीडी में पहुंचे। वहीं सांस लेने में तकलीफ के 20 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। तीन दिनों में कुल 69 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि ओपीडी में 1087 मरीजों ने उपचार कराया। इस दौरान रेफर होकर आए मरीजों के साथ मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) भी शामिल रहे।
शिफ्टवार तैयार थे स्टाफ व वाहन
एम्बुलेंस को स्टाफ सहित शिफ्टवार तैयार रखा गया था। सभी विभागाध्यक्षों एवं यूनिट प्रभारियों को आकस्मिक ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रखने व कंसल्टेंट, सीनियर, जूनियर रेजिडेंट, इंटर्न और चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। सभी को मोबाइल फोन चालू रखने और आवश्यकता पडऩे पर तत्काल अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया था। ऑपरेशन थिएटर (ओटी) एवं आईसीयू में जीवनरक्षक दवाइयों, आईवी फ्लूड, आवश्यक उपकरणों और ब्लड सहित चिकित्सकीय टीम को तैयार रखा गया था।
डीन डॉ. मूर्ति के नेतृत्व में वार्डों का निरीक्षण
डीन डॉ. रमणेश मूर्ति के नेतृत्व में दीपावली के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता, दवाइयों और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था का अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
एमएस डॉ. सिंह ने संभाली व्यवस्थाओं की निगरानी
एमएस डॉ. लखन सिंह ने अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने एम्बुलेंस, आपातकालीन विभाग, ओटी और आईसीयू की तैयारियों के साथ आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया, ताकि दुर्घटना एवं अन्य गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
