
बिलासपुर। रतनपुर के तालाब किनारे अज्ञात युवक की सड़ी गली लाश मिली है। सूचना पर पुलिस जांच करने मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस टीम ने शव को शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। इस मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रतनपुर नगर के मेला ग्राउंड स्थित तालाब के आसपास शव से तेज दुर्गंध फैलने के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई। मौके पर पहुंचकर लोगों ने झाडिय़ों के पास शव पड़ा देखा और तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव की हालत काफी खराब होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब एक सप्ताह पुराना हो सकता है। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में हाल के दिनों में लापता हुए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
