
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ ने तिफरा स्थित बिजली कंपनी के मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। संघ ने आरोप लगाया कि विद्युत उपकेंद्रों में काम करने वाले ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इसी लापरवाही के कारण 31 अक्टूबर को कुरेली सब स्टेशन में ऑपरेटर अमन साहू की जान चली गई। संघ ने मृतक कर्मचारी के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने, परिवार के एक पात्र सदस्य को नौकरी देने और दुर्घटना की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। बिजली कंपनी के मुख्य अभियंता (बिलासपुर क्षेत्र) को ज्ञापन सौंपकर 13 सूत्रीय मांगें रखी गईं।
संघ का आरोप है कि कुरेली सब स्टेशन में हुई दुर्घटना सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव में बरती गई गंभीर लापरवाही का परिणाम है। ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई थी। वहीं 33/11 केवी सब स्टेशनों के रखरखाव में भी लापरवाही बरती जा रही थी। संघ का कहना है कि उपकेंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी विभागीय अधिकारियों को लगातार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब ऑपरेटर की मौत के बाद संघ ने जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय करने की जाए। इसके अलावा ठेका श्रमिकों पर जल्दबाजी में काम पूरा करने का दबाव नहीं बनाने, सभी 33/11 केवी उपकेंद्रों का उचित रखरखाव कराने और बिजली कंपनी में कार्यरत ठेका श्रमिकों को बोनस देने की मांग रखी गई है।
बिना सुरक्षा के काम पर लगे रोक
छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ ने अपने ज्ञापन में कुल 13 मांगें रखी हैं। इनमें प्रशिक्षित और अधिकृत कर्मचारियों से ही विद्युत कार्य कराने, नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण देने, प्रत्येक कार्यस्थल पर विभागीय अधिकारी या अधिकृत सुरक्षा पर्यवेक्षक की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बिना काम पर रोक लगाने की मांग शामिल है। प्रत्येक दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई करने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
संघ ने सभी विद्युत उपकेंद्रों, वितरण लाइनों और कार्यस्थलों का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने, कमियों को तत्काल दूर करने की बात कही है। दुर्घटना होने पर घायल श्रमिक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। विद्युत दुर्घटना में मृत्यु व स्थायी या अस्थायी अपंगता होने पर पीडि़त श्रमिक और उसके परिवार को नियमानुसार मुआवजा, बीमा राशि, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य वैधानिक लाभ तत्काल देने की मांग की गई है।
