
बिलासपुर। गुरुनानक चौक, तोरवा से सडक़ के डामरीकरण का काम शुरू हुआ। महापौर पूजा विधानी, मेयर इन काउंसिल के सदस्यों और पार्षदों की मौजूदगी में पहले चरण के काम की शुरुआत की गई। इसकी लागत 9 करोड़ रुपए है।
मुख्यमंत्री नगरीकरण योजना के तहत गुरुनानक चौक से शनिदेव मंदिर होते हुए शक्ति चौक तक सडक़ का डामरीकरण किया जाएगा। महापौर पूजा विधानी और स्थानीय पार्षद लाल्टू घोष ने पूजा-अर्चना के बाद काम शुरू कराया। राज्य शासन ने डामर की दरों में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। दरों पर फैसला लंबित होने के कारण नगर निगम क्षेत्र की कई सडक़ों पर डामरीकरण का काम शुरू नहीं हो पा रहा था। मंजूरी मिलने के बाद अब काम शुरू करने का रास्ता साफ हुआ है। जिन सडक़ों का निर्माण चल रहा है, लेकिन डामरीकरण बाकी है, वहां जल्द काम शुरू होगा। जिन सडक़ों का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है, उन्हें भी प्राथमिकता से शुरू कराया जाएगा। इस अवसर पर एल्डरमेन शेखर पॉल और जुगलकिशोर गोयल, जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय और सागर राज, अधीक्षण अभियंता शारदा प्रसाद साहू और कार्यपालन अभियंता आशीष पांडेय मौजूद रहे।
