
बिलासपुर। पत्नी और बच्चों के मायके चले जाने से नाराज युवक ने अपने ही 80 वर्षीय दादा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। शराब के नशे में धुत आरोपी ने बुजुर्ग पर लात-घूंसों से इस कदर हमला किया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मस्तूरी टीआई कपिल चंद्रा ने बताया कि ग्राम गतौरा के वार्ड क्रमांक 7 निवासी पंचराम चंद्राकर (80) शुक्रवार दोपहर घर पर थे। इसी दौरान उनका पोता तुलाराम चंद्राकर पिता संतोष चंद्राकर (35) शराब के नशे में घर पहुंचा। उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी। इसी बात को लेकर वह दादा से विवाद करने लगा। वह पत्नी और बच्चों को मायके जाने से नहीं रोकने की बात पर दादा से बहस करने लगा। विवाद बढऩे पर उसने आपा खो दिया और बुजुर्ग पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर पिटाई से पंचराम की मौके पर ही मौत हो गई। दोपहर 4 बजे ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। सूचना पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आरेपी गिरफ्तार, गांव में सन्नाटा
पुलिस ने आरोपी पोते तुलाराम चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी और बच्चों के मायके चले जाने की नाराजगी में तुलाराम ने अपने ही दादा को निशाना बना लिया। जिस बुजुर्ग से परिवार को सहारे और सम्मान की उम्मीद थी, उन्हीं की जान पोते के हाथों चली गई। मामूली पारिवारिक विवाद के हिंसक अंत से गांव के लोग स्तब्ध हैं।
पत्नी व बच्चों को नहीं रोकने का लगाया आरोप
आरोपी तुलाराम ने अपने दादा पर पत्नी और बच्चों को मायके जाने से नहीं रोकने का आरोप लगाते हुए बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी दादा पर लात-घूंसों से लगातार हमला करने लगा। उसने बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
