Headlines

खरीदारी करने आए युवक को पीटा और बाइक लूटकर भाग गए बदमाश

 

बिलासपुर। दीपावली के अवसर पर सामान खरीदारी करने बाजार आए युवक को तीन बदमाशों ने घेर लिया। फिर उससे पैसे की मांग की, नहीं देने पर आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद बाइक को लूटकर फरार हो गए। इस मामले में कोटा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील निवासी दुर्गेश साहू 10 नवंबर को घरेलू सामान और पटाखे खरीदने के लिए अपनी पल्सर बाइक (सीजी 12 बीएल 1353) से गनियारी आया था। वह सामान लेकर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उससे रुपए मांगे। दुर्गेश ने विरोध किया तो तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश युवकों ने उसकी बाइक लूट ली और फरार हो गए। इस घटना से घबराए दुर्गेश ने कोटा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

 

मंगला के रहने वाले हैं तीनों आरोपी

लूट की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मंगला के आजाद चौक निवासी अभय सूर्यवंशी (19), नंद कुमार केवट (19) और नीरज सूर्यवंशी (19) इस वारदात में शामिल थे। इस पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की गई।

चोरी की घटनाओं को दे चुका है अंजाम
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले से ही अपराध से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों युवकों का सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक वारदात में भी नाम सामने आया है। पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *