Headlines

ढेबर परिवार को बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी, 50 करोड़ की मांगी रंगदारी

रायपुर। रायपुर में ढेबर परिवार को बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी दिए जाने और 50 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने अनवर ढेबर और एजाज ढेबर का नाम लेकर परिवार को धमकाया। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि ढेबर परिवार के एक कर्मचारी को अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया था। आरोपी ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और बातचीत के दौरान 50 करोड़ रुपए देने की मांग की। इसके बाद रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। घटना की जानकारी परिवार के सदस्यों को मिलने के बाद पुलिस से शिकायत की गई।

कॉल की तकनीकी जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस टीम धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और कॉल से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कॉल कहां से किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

जांच के दौरान कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस परिवार के सदस्यों और कर्मचारी से भी घटना के संबंध में जानकारी ले रही है।

गैंग से कनेक्शन की भी जांच

  1. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या फिर बिश्नोई गैंग का नाम लेकर परिवार को डराने और रंगदारी वसूलने की कोशिश की गई है।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि ढेबर परिवार के सदस्यों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। कॉल वास्तव में बिश्नोई गैंग से आया था या किसी व्यक्ति ने गैंग का नाम लेकर धमकी दी, इसकी भी जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *