आरंग/रायपुर, 11 जून: नया रायपुर-नवापारा मार्ग पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती एसयूवी सीजी 04 पीएल 4141 में अचानक आग लग गई। ग्राम बिरबिरा के पास हुई इस घटना में वाहन चालक ओम साहू की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते उनकी जान बच गई, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा निवासी ओम साहू देर रात नया रायपुर से नवापारा लौट रहे थे। इसी दौरान आरंग ब्लॉक के ग्राम बिरबिरा के पास उनकी एसयूवी के इंजन से धुआं उठना शुरू हुआ। कुछ ही पल में कार के अगले हिस्से में आग की लपटें फैल गईं।
स्थिति की गंभीरता भांपते ही ओम साहू ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोका और सुरक्षित बाहर निकल आए। उनकी सतर्कता के कारण किसी को कोई चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलने पर आरंग पुलिस और नया रायपुर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एसयूवी पूरी तरह जल चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारण के रूप में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
