रायपुर, 18 जून 2026 | लोकवाणी न्यूज़
छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार आईपीएस अधिकारियों की नई तबादला सूची जारी करने की तैयारी में है। इस संभावित सूची में बस्तर रेंज के नए आईजी की नियुक्ति के साथ-साथ 11 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) के प्रभार में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।
बस्तर रेंज के वर्तमान आईजी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति मिलने के बाद उनके स्थान पर नए आईजी की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है। नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है।
बस्तर रेंज के नए आईजी पद के लिए 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय यादव और बद्री नारायण मीणा (बी.एन. मीणा) के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। अजय यादव कई जिलों में एसपी और विभिन्न रेंज में आईजी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं, जबकि बी.एन. मीणा छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक 9 जिलों के एसपी रहने का रिकॉर्ड रखते हैं।
सूत्रों के अनुसार जिन जिलों के एसपी बदले जा सकते हैं, उनमें जगदलपुर, बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बेमेतरा, मुंगेली और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) शामिल हैं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की कई बटालियनों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। गृह विभाग राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने पर विचार कर रहा है।
माना जा रहा है कि राज्य सरकार जल्द ही इस बड़ी ट्रांसफर सूची पर अंतिम फैसला लेकर आदेश जारी कर सकती है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
