Headlines

कोरिया में महिला से क्रूरता की सारी हदें पार: पति पर सिर मुंडवाने, कालिख पोतने और अमानवीय यातना देने का आरोप

कोरिया, 18 जून 2026। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। पटना थाना क्षेत्र के पंडोपारा स्थित काटकोना गांव में एक महिला ने अपने पति पर अमानवीय यातना देने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

पीड़िता तारा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी लगभग 15 वर्ष पहले सूरजपुर जिले के रूनियाडीह निवासी जितेंद्र घसिया से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। दंपति के चार बच्चे हैं। पारिवारिक विवाद के चलते पिछले कुछ समय से वह पति से अलग रह रही थी और पंडोपारा गांव में घरों में काम कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी।

महिला का आरोप है कि 14 जून को उसका पति उसे तलाशते हुए पंडोपारा पहुंचा। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, उसके बाल काटकर सिर मुंडवा दिया गया, चेहरे पर कालिख पोत दी गई और उसे अपमानित करने के उद्देश्य से सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने बच्चों को उकसाकर उससे मारपीट करवाई और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *