Headlines

बहन के लिए मोमोज लेकर लौट रहे दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, कोयले से लदा ट्रेलर पलटा

बिलासपुर, 19 जून। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। बहन के लिए मोमोज लेकर घर लौट रहे दोनों भाई कोयले से लदे एक बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आ गए। यह दर्दनाक हादसा बिलासपुर-कटघोरा नेशनल हाईवे पर रतनपुर थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के अनुसार बेलतरा निवासी संदीप रजक (23) और उसका छोटा भाई प्रदीप रजक (16) बाइक से अपने घर लौट रहे थे। संदीप ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रेलर चालक था, जबकि प्रदीप मैकेनिक का काम करता था। दोनों अपनी बहन के लिए मोमोज लेकर वापस घर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 8 बजे बिलासपुर की ओर जा रहा कोयले से लदा ट्रेलर (CG 12 BH 2296) तेज रफ्तार में था। बस स्टैंड के पास पेट्रोल पंप के सामने चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। सड़क किनारे नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में ट्रेलर जा घुसा और पलट गया। उसी समय वहां से गुजर रही बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई। ट्रेलर के नीचे दबने से दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।

अधूरी नाली और गड्ढे पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए अधूरे निर्माण कार्य और प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि करीब चार महीने पहले नेशनल हाईवे किनारे नाली निर्माण के लिए खुदाई की गई थी। बाद में निर्माण कार्य रोक दिया गया, लेकिन गड्ढे को भरा नहीं गया और निर्माण सामग्री भी वहीं पड़ी रही। स्थानीय नागरिकों के अनुसार यही लापरवाही इस भीषण हादसे का बड़ा कारण बनी।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के दो बेटों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *