सूरजपुर, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल और CMHO कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
मृतका के पति का आरोप है कि प्रसव से पहले अस्पताल में महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया था। इंजेक्शन लगने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण मां और गर्भस्थ शिशु दोनों की जान चली गई।
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है। चिकित्सकों के अनुसार इंजेक्शन देने के बाद महिला को उल्टी हुई थी और उल्टी श्वास नली में फंस जाने से उसकी हालत गंभीर हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने पोस्टमॉर्टम कराने के निर्देश दिए हैं और जांच के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इधर, मृतका के परिजन निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
