
बिलासपुर। कान दर्द का इलाज करवाने महिला नेहरु नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल में भर्ती हुईं। वहां के डॉक्टर ने महिला की एंजियोप्लास्टी किया। इसके बाद महिला की मौत हो गई। गुस्साए परिजन ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
मस्तूरी के ठाकुदेवा निवासी सुखम बाई साहू पति रामजी साहू को कान में दर्द की परेशानी थीं। परिजनों ने महिला को इलाज के लिए श्री राम केयर हॉस्पिटल लाया गया था। यहां से उन्हें अचानक कोनी स्थित सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक कुमार ने जांच के बाद हृदय में ब्लॉकेज होने की जानकारी दी। इसके बाद एंजियोग्राफी कर एंजियोप्लास्टी कराने की सलाह दी गई। वहां से महिला को फिर से श्रीराम केयर हॉस्पिटल वापस भेजा गया। जहां डॉ.अभिषेक कुमार ने ही उनकी एंजियोप्लास्टी की। इसके बाद उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ फूटा गुस्सा
महिला की मौत के बाद परिजनों का अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने जिम्मेदार चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अस्पताल में स्थिति बिगडऩे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन सीएसपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त हो
मृतका की बेटी संगीता साहू ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उनकी मां की मौत अस्पताल की लापरवाही के कारण हुई है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जो भी जिम्मेदार और दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। संगीता साहू ने यहां तक मांग की कि श्री राम केयर हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
अस्पताल प्रबंधन पर उठे कई सवाल
इस घटना के बाद श्री राम केयर हॉस्पिटल की उपचार व्यवस्था और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। महिला के इलाज से संबंधित पूरी मेडिकल हिस्ट्री, एंजियोग्राफी रिपोर्ट, एंजियोप्लास्टी की प्रक्रिया, उपचार के दौरान की निगरानी और मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष जांच हो। साथ ही अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सकों का पक्ष भी सामने आना चाहिए।

मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उपचार के दौरान किसी स्तर पर चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी या नहीं। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। अस्पताल प्रबंधक ने परिजन के आरोपों को गलत बताया है।
