
बिलासपुर। मरवाही वनमंडल ग्रामीण क्षेत्रों में 62 हाथियों का दल घूम रहा है। हाथियों ने कई ग्रामीण किसानों के खेत की फसल को चौपट कर दिया है। इसके चलते किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दूसरी ओर वन विभाग की टीम हाथियों पर नजर रखी हुई हैं। हाथियों का झुंड अलग-अलग इलाकों में विचरण कर रहा है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर हाथियों के दल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पूरा झुंड बांध के पानी में उतरकर अटखेलियां करता नजर आ रहा है। पानी में देर तक नहाने के बाद हाथियों का दल पास के धान के खेतों में पहुंच गया और खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया। वायरल वीडियो में हाथियों का पूरा झुंड बांध के पानी में उतरकर नहाता और मस्ती करता दिखाई दे रहा है। पानी में काफी देर बिताने के बाद झुंड पास के खेतों की ओर बढ़ गया। यहां हाथियों ने खड़ी धान की फसल को अपना आहार बनाया, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। फसल को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथियों का दल वर्तमान में गुल्ली डांड-मगुरदा क्षेत्र में मौजूद बताया जा रहा है। 62 हाथियों के एक साथ विचरण करने से आसपास के गांवों में ग्रामीणों के बीच डर का माहौल है। लोगों को हाथियों की आवाजाही के कारण सतर्क रहने की जरूरत है।
हाथी मित्र दल अलर्ट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग का अमला अलर्ट है। हाथी मित्र दल को भी सतर्क रखा गया है। वनकर्मियों की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सुरक्षित रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की जा रही है।
बीते 10 दिनों से सक्रिय है हाथी
पिछले 10 दिनों से अधिक समय से मरवाही वन मंडल क्षेत्र में 62 हाथियों का दल तीन अलग-अलग समूहों में बंटकर विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों और उनके आवागमन पर लगातार नजर बनाए हुए है। हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश भी दी जा रही है।
वन विभाग की बढ़ी चिंता
हाथियों के कारण वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंचकर उन्हें उकसाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग युवक की पहचान करने में जुट गया है। मगर अभी तक युवक के बारे में पता नहीं चल पाया है।
ड्रोन से हुई गिनती में 62 हाथियों की मौजूदगी
हाथियों की वास्तविक संख्या का आकलन करने के लिए वन विभाग ने ड्रोन कैमरे की मदद से गणना कराई। गणना में लगभग 62 हाथियों की मौजूदगी सामने आई, जिनमें 55 वयस्क हाथी और शेष छोटे हाथी और शावक बताए गए हैं। हाथियों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए डीएफओ निशांत कुमार स्वयं वन कर्मचारियों के साथ लगातार निगरानी कर रहे हैं।

