Headlines

बिना छुट्टी के 24 घंटे ड्यूटी से परेशान छात्रावास अधीक्षकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

 

बिलासपुर। बिना छुट्टी और 24 घंटे लगातार ड्यूटी करने समेत अन्य मांगों को लेकर छात्रावास अधीक्षकों ने शुक्रवार को नेहरू चौक के पास एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। संघ ने कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार को 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर नियमित और प्रभारी अधीक्षक-अधीक्षिकाएं इस प्रदर्शन में शामिल हुए। संघ के बैनर तले सभी ने नेहरू चौक पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से आदिम जाति-अनुसूचित जाति विकास विभाग के सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ का कहना है कि उनकी मांगें कर्मचारियों की नौकरी से जुड़ी सुविधाओं के साथ छात्रावासों के बेहतर संचालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा और देखभाल से भी जुड़ी हैं। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर फैसला नहीं होने पर प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन को छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने भी समर्थन दिया। इस दौरान छात्रावास अधीक्षक संघ के अध्यक्ष विकास तिवारी, उपाध्यक्ष मनु त्रिपाठी मंडल, शुभम तिवारी, राहुल साहू, शेखर विश्वकर्मा और महेश्वर राव सहित जिले के अधीक्षक-अधीक्षिकाएं मौजूद रहे। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के साथ लिपिक संघ के अध्यक्ष रोहित तिवारी ने भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया।

छात्रावास अधीक्षकों की ये है प्रमुख 5 मांगें

24 घंटे छात्रावास में मौजूद रहने की अनिवार्यता खत्म हो। काम के घंटे तय किए जाएं और जरूरत पडऩे पर ही बुलाने की व्यवस्था हो। हर सप्ताह और सरकारी छुट्टियों में अवकाश मिले। महिला अधीक्षिकाओं के परिवार के रहने से जुड़े नियम भी स्पष्ट हों। कैडर में बदलाव कर मंडल संयोजक, क्षेत्र संयोजक और सहायक सांख्यिकी अधिकारी जैसे पदों पर पदोन्नति का मौका दिया जाए। विभागीय परीक्षा से आगे बढऩे का अवसर भी मिले। शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को वीएसके ऐप से छूट दी जाए। ऑनलाइन हाजिरी में आ रही दिक्कतें दूर हों और मेस के बजट में कटौती न की जाए। छात्रावासों के सालभर के खर्च के लिए छात्रवृत्ति से अलग पर्याप्त बजट दिया जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *