
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आह्वान पर विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह (वल्र्ड एएमआर अवेयरनेस वीक) का आयोजन किया जा रहा है। 18 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित इस वैश्विक जागरूकता अभियान की थीम वन हेल्थ, वन एक्शन प्रिवेंट एएमआर नाउ रखी गई है। इनका उद्देश्य चिकित्सा विद्यार्थियों और आम लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग व उनके अनावश्यक इस्तेमाल से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करना है।
18 नवंबर को एमबीबीएस 2025-26 बैच के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर व रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। 19 नवंबर को जागरूकता रैली निकाली गई। 20 नवंबर को एमबीबीएस व पीजी विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं 21 नवंबर को विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस ऐसी स्थिति है, जिसमें बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवी जैसे सूक्ष्मजीव दवाओं के प्रभाव के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर लेते हैं। इसके कारण संक्रमण का उपचार कठिन हो जाता है और पहले प्रभावी रहने वाली दवाएं भी असर करना बंद कर सकती हैं। इससे मरीज को ठीक होने में अधिक समय लगता है, संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता है और गंभीर परिस्थितियों में मृत्यु की आशंका भी बढ़ सकती है। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं जरूरत से अधिक इस्तेमाल, बिना चिकित्सकीय सलाह दवा लेना, पशुपालन में एंटीबायोटिक का अनुचित उपयोग, पर्यावरण प्रदूषण तथा संक्रमण नियंत्रण के नियमों का पालन नहीं करना इसके प्रमुख कारण हैं।
एंटीबायोटिक का उपयोग डॉक्टर की सलाह पर ही करें
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन केवल चिकित्सक की सलाह पर ही करें। निर्धारित खुराक और अवधि का पालन करें तथा किसी दूसरे व्यक्ति की दवा का इस्तेमाल न करें। अस्पतालों में हाथों की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण के नियमों का पालन और जांच के आधार पर उचित दवा का चयन भी एएमआर की रोकथाम में महत्वपूर्ण है।
एंटीबायोटिक के ज्यादा उपयोग से खतरा
सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस भविष्य की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती है। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक उपयोग जारी रहा तो सामान्य संक्रमणों का उपचार भी मुश्किल हो सकता है। इस समस्या से निपटने के लिए चिकित्सकों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। दवाओं का उपयोग बिना चिकित्सकीय सलाह के नहीं करना चाहिए।
००० बॉक्स
मिलकर प्रयास करना जरुरी है
उन्होंने ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसलिए एएमआर की रोकथाम के लिए इन तीनों क्षेत्रों में मिलकर प्रयास करना आवश्यक है। एंटीबायोटिक दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखना केवल वर्तमान पीढ़ी ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढय़िों के स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है।
इनकी रही सहभागिता
कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा बारापात्रे के नेतृत्व में किया गया। इसमें विभाग के चिकित्सकों एवं संकाय सदस्यों की सहभागिता रही। इनमें डॉ शिक्षा जांगड़े डॉ रश्मि गुप्ता डॉ श्रेया तो?ी डॉ. सागनिका प्रधान, डॉ. तसम्मुल हुसैन, डॉ. रिचा पांडेय, डॉ. अक्षयी राय चौधरी, डॉ. पल्लवी यादव, डॉ. नेहा सिंह जांगड़े, डॉ. ईशा चंद्राकर, डॉ. निहारिका कुशवाहा, डॉ. श्रुति मौर्य, डॉ. गरिमा सूर्यवंशी, डॉ. संतोष एवं डॉ. शिल्पा वाजपेयी शामिल हैं।
