रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने कंपनी के अधिकृत अधिकारी के मोबाइल नंबर से जुड़े WhatsApp मैसेज के जरिए अकाउंटेंट को झांसे में लेकर 2 करोड़ रुपए दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। रकम प्रयागराज के एक बैंक खाते में भेजी गई। अधिकारी से पुष्टि करने पर ठगी का खुलासा हुआ। मामले में साइबर सेल ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी के नाम से आया रकम ट्रांसफर करने का मैसेज
मामला वांकला केबल्स एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के कॉर्पोरेट ऑफिस से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कंपनी के अधिकृत अधिकारी अंशुल शर्मा के मोबाइल नंबर से अकाउंटेंट बीरेश तिवारी को WhatsApp पर मैसेज मिला। इसमें तत्काल 2 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए थे।
RTGS के जरिए प्रयागराज भेजे 2 करोड़ रुपए
मैसेज को अधिकारी का असली निर्देश समझकर अकाउंटेंट ने बैंक ऑफ बड़ौदा की पंडरी शाखा से RTGS के जरिए 2 करोड़ रुपए प्रयागराज स्थित एक बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। उन्हें लगा कि यह कंपनी का अधिकृत भुगतान है।
रकम ट्रांसफर होने के बाद जब अंशुल शर्मा से संपर्क कर इसकी पुष्टि की गई, तो उन्होंने ऐसा कोई मैसेज भेजने या भुगतान का निर्देश देने से इनकार कर दिया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन को साइबर ठगी का पता चला।
मोबाइल नंबर क्लोनिंग की आशंका, जांच जारी
घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जांच में मोबाइल नंबर की क्लोनिंग या WhatsApp के गलत इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगों ने अधिकारी के नाम से मैसेज कैसे भेजा और प्रयागराज स्थित बैंक खाते का इस्तेमाल किसने किया।