Headlines

बाजार से सस्ता किराना दिलाने का झांसा, व्यापारी से ₹15 लाख की ठगी; भरोसा जीतकर फरार हुआ आरोपी

बिलासपुर। शहर में बाजार से कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक व्यापारी से 15 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले छोटी रकम लेकर समय पर सामान की डिलीवरी देकर व्यापारी का भरोसा जीता और बाद में बड़ी रकम लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी संतोष गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सरकंडा के माता चौरा निवासी फणीन्द्र तिवारी से आरोपी ने खुद को फैक्ट्री एजेंसी से जुड़ा व्यापारी बताते हुए संपर्क किया। उसने दावा किया कि वह व्यापार विहार से बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध करा सकता है। शुरुआत में 20 दिसंबर 2025 को उसने 50 हजार रुपये लेकर समय पर सामान की आपूर्ति की, जिससे पीड़ित का भरोसा पूरी तरह जीत लिया।

इसके बाद आरोपी ने अधिक मुनाफे और ‘स्पेशल स्कीम’ का लालच देकर ऑनलाइन और नकद किश्तों में बड़ी रकम लेना शुरू कर दिया। कुछ समय तक वह सीमित मात्रा में सामान देता रहा ताकि किसी को शक न हो। बाद में एकमुश्त बड़ी सप्लाई का भरोसा दिलाकर उसने करीब 15 लाख रुपये ले लिए।

रकम मिलने के बाद आरोपी ने बहाने बनाना शुरू कर दिया। मार्च 2026 में उसने पत्नी की गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए दो दिन मोबाइल बंद रखने की बात कही। इसके बाद 26 मार्च को वह मंगला स्थित अपने किराए के मकान से सफेद पिकअप वाहन में सामान लादकर फरार हो गया। 27-28 मार्च से उसका मोबाइल लगातार बंद है। पीड़ित ने आरोपी के परिजनों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

खुद को ठगी का शिकार महसूस होने पर फणीन्द्र तिवारी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, ऑनलाइन लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरीके से शहर के अन्य व्यापारियों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *