Headlines

बिलासपुर में जल्द लागू हो सकती है पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली, गृह मंत्री विजय शर्मा के बयान से बढ़ी चर्चाएं

बिलासपुर, 29 जून। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संकेत दिए हैं कि बिलासपुर जिले की पुलिस व्यवस्था में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया जा सकता है। उनके इस बयान के बाद लंबे समय से प्रस्तावित पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।

रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक और जवाबदेह बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी तर्ज पर बिलासपुर की पुलिस व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे।

हालांकि गृह मंत्री ने बदलाव की समय-सीमा या किसी औपचारिक घोषणा की जानकारी नहीं दी, लेकिन उनके बयान को बिलासपुर में प्रस्तावित पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के मजबूत संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि बिलासपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने को लेकर लंबे समय से प्रशासनिक स्तर पर मंथन चल रहा है। सरकार का मानना है कि इससे अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और पुलिसिंग की कार्यक्षमता में सुधार होगा।

बस्तर को बताया नक्सलमुक्त

मीडिया से चर्चा के दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियानों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि प्रभावी सुरक्षा अभियानों के चलते बस्तर अब पूरी तरह नक्सलियों से मुक्त हो चुका है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *