Headlines

बिजली दर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, रायपुर-बिलासपुर समेत कई जिलों में घेराव और पुतला दहन

रायपुर, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। रायपुर, बिलासपुर, कोंडागांव सहित कई जिलों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कई स्थानों पर बढ़ी हुई बिजली दरों के विरोध में प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किया गया।

राजधानी रायपुर के डंगनिया क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगाड़ा बजाकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली दरों में वृद्धि से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार मेनन ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनहित के बजाय जनता पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।

वहीं बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है, जबकि आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली दर वृद्धि का मुद्दा विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

इधर कोंडागांव में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन और पुलिस की तत्परता से हालात जल्द ही सामान्य कर लिए गए।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *